प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्योगपतियों पर किए गए तंज को लेकर विपक्ष ने पलटवार किया है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि मोदी जी का यह बयान उद्योगपतियों पर आरोप नहीं, बल्कि उनकी सरकार का कबूलनामा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से छोटे व्यापारी और MSME तबाह हुए हैं और बड़ी कंपनियों के लिए मुकाबला खत्म कर दिया गया है।

कांग्रेस ने कहा कि एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें जिनके नाम कर दी गईं, उन्होंने नौकरियां नहीं बढ़ाईं। पार्टी का आरोप है कि नोटबंदी और गलत GST से नौकरियां देने वाले छोटे व्यापारी और MSME बुरी तरह प्रभावित हुए। उसका कहना है कि एकाधिकार (मोनोपॉली) से नौकरियां नहीं पैदा होतीं, बल्कि महंगाई बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लूट सरकार और उसके मित्रों ने की है, जिसे देश देख रहा है। पार्टी ने कहा कि सरकार की नीतियों ने उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवाओं में से किसी को भी ताली बजाने लायक नहीं छोड़ा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल उद्योगपतियों पर तंज कसते हुए कहा था कि टैक्स घटाया गया, फिर भी न तनख्वाह बढ़ाई गई और न ही नौकरियां दी गईं। उन्होंने यह भी कहा था कि भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं।