राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत की पहचान दूसरों पर हुक्म चलाने से नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने से है। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी दूसरे देशों पर अपना शासन नहीं थोपा, लेकिन उसका सांस्कृतिक प्रभाव दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंचा है। भागवत बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।

भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां नहीं चाहतीं कि भारत तेजी से आगे बढ़े, क्योंकि वे अपना दबदबा बनाए रखना चाहती हैं। उनके मुताबिक, भारत की सोच किसी को दबाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा कि भारत ने जरूरत पड़ने पर उन देशों की भी मदद की है, जिनके साथ उसके रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि मालदीव में पानी की किल्लत के समय भारत ने वहां पानी पहुंचाया, आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को वित्तीय मदद दी गई, नेपाल की पर्यावरण संबंधी समस्याओं में सहयोग किया गया और बाढ़ व भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान पाकिस्तान की भी मदद की गई।

आरएसएस प्रमुख ने कहा कि मानवता किसी एक देश की जागीर नहीं है, लेकिन भारत ने हमेशा इसकी रक्षा करने की जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने बताया कि हाल के विदेश दौरे में अलग-अलग धर्मों के लोगों से बातचीत हुई, जिनमें कई लोगों ने उम्मीद जताई कि भारत दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां इंसान की असली परीक्षा लेती हैं और ऐसे समय में इंसान को अपनी मानवता और अच्छे संस्कार नहीं छोड़ने चाहिए। उनके मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है और सच बोलने वालों का साथ देना चाहती है।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से किया गया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले पद्म पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं।