राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत ने कभी किसी देश पर अपना शासन नहीं थोपा, बल्कि हमेशा मानवता और दूसरों की मदद को सबसे ऊपर रखा है। वे बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान दूसरों पर हुक्म चलाने से नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने से है।

भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां भारत की तेज तरक्की से परेशान हैं, क्योंकि वे अपना दबदबा बनाए रखना चाहती हैं और दूसरों को अपने हिसाब से चलाना चाहती हैं। उनके मुताबिक, भारत की सोच किसी को दबाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है, और यही बात ऐसे देशों को पसंद नहीं आती। उन्होंने कहा कि भारत ने जरूरत के वक्त उन देशों की भी मदद की है, जिनके साथ उसके रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि मालदीव में पानी की किल्लत पर भारत ने वहां पानी पहुंचाया, आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को वित्तीय मदद दी गई, नेपाल की पर्यावरण संबंधी समस्याओं में सहयोग किया गया और बांग्लादेश की भी सहायता की गई। बाढ़ व भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान पाकिस्तान की भी मदद की गई। भागवत के अनुसार, भारत मानता है कि ताकत का इस्तेमाल कमजोरों की रक्षा और दुनिया में शांति कायम करने के लिए होना चाहिए।

भागवत ने कहा कि मानवता किसी एक देश की जागीर नहीं है, लेकिन भारत ने हमेशा इसकी रक्षा की जिम्मेदारी निभाई है। हाल के विदेश दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां अलग-अलग धर्मों के कई लोगों ने उम्मीद जताई कि भारत दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संघर्ष में शामिल हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण था, भले ही आजादी मिलने में 90 साल लगे। उनके मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है, सच बोलने वालों का साथ देना चाहती है और अपने देश को आगे बढ़ते देखना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में अच्छा काम कर रहे लोगों के इरादों पर बेवजह शक करने के बजाय उनके काम से सीखना चाहिए और अगली पीढ़ी को ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सपना तभी पूरा होगा जब युवा इसमें अपनी पूरी ताकत लगाएंगे और सभी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से किया गया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले पद्म पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं।