नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार शाम अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह भारत आए हैं। दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यात्रा सोमवार को समाप्त होगी।
शाह नेपाल एयरलाइंस की नियमित वाणिज्यिक उड़ान से भारत पहुंचे हैं। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजंकर, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल के साथ कारोबारियों का एक अलग दल भी भारत आया है। दौरे के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। विदेश मंत्री एस जयशंकर भी उनसे शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।
बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की उम्मीद है। खासतौर पर व्यापार, ट्रांजिट, ऊर्जा, निवेश और सीमा पार संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जा सकती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होना है।
यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि शाह ने अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए चीन के बजाय भारत को चुना है। नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान भारत ने राहत सामग्री, राशन और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं। सितंबर में शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे, लेकिन वह आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा नहीं थी। नेपाल के नए प्रधानमंत्रियों के लिए पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से शुरू करना लंबे समय से चली आ रही परंपरा रही है, हालांकि यह अनिवार्य नियम नहीं है।
