ओडिशा सतर्कता विभाग ने सतकोसिया वन्यजीव प्रभाग के वरिष्ठ सहायक अजय कुमार नायक को 1.23 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित अनुगुल जिले में डीएफओ कार्यालय के स्थापना अनुभाग में तैनात थे और वित्तीय अनियमितता का खुलासा होने के बाद अक्टूबर 2026 से फरार थे। विजिलेंस की विशेष टीम ने गुरुवार रात अनुगुल शहर में उन्हें गिरफ्तार किया, जब वे कार से अपने घर जा रहे थे।

जांच में सामने आया कि नायक के जिम्मे कार्यालय कर्मचारियों के वेतन, अप्रयुक्त अवकाश के बदले मिलने वाले वेतन और बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया थी। आरोप है कि उन्होंने एक जनवरी 2019 से 30 जून 2025 के बीच कुल 1,23,52,547 रुपये का गबन किया। आरोप है कि उन्होंने एचआरएमएस पोर्टल में ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों के नाम पर अप्रयुक्त अवकाश वेतन तथा बकाया राशि के फर्जी दावे तैयार किए।

आरोप है कि वास्तविक लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने के बजाय उन्होंने सरकारी धन अपने और दो सहयोगियों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया, जिसके लिए कोषागार के माध्यम से एनईएफटी का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में कटक विजिलेंस थाने में केस संख्या 44/2026 दर्ज किया गया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।