अभिनेता पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘पारिवारिक मनु रंजन’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वे रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। पिछले कई इंटरव्यू में रोमांटिक भूमिका की ख्वाहिश जता चुके पंकज का कहना है कि सिनेमा ने प्रेम को ऐसे रूप में पेश किया है कि भारतीय पुरुष भी दबाव में जीने लगे हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर रोमांस सिनेमा से समाज में आया है और इसने महिलाओं की अपेक्षाएं भी बढ़ाई हैं। उनके मुताबिक, प्रेम सिर्फ बांहें फैलाने या पहाड़ों पर जाकर फैंटेसी जीने का नाम नहीं है, बल्कि किसी को एक गिलास पानी देना भी प्रेम है। उन्होंने एक छोटी पहल का जिक्र करते हुए बताया कि घर में काम करने वाली महिला के बीमार होने पर उसके लिए खिचड़ी बनाकर जाना भी रोमांस का परिचायक हो सकता है।
अपनी बेटी आशी के बारे में पंकज ने कहा कि उसने लाइलाज नाटक से अभिनय की दुनिया में कदम रखा है और अब उसकी लिखने में भी दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि यह तय नहीं है कि वह सिर्फ एक्टिंग ही करेगी, लेकिन अच्छा लगता है कि वह स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ रही है और सीख रही है। उन्होंने बताया कि बेटी को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी छूट दी गई है।
अपनी सादगी और सहजता पर पंकज ने कहा कि मधुमक्खी डंक, सांप जहर और गाय दूध के साथ चलती है, यह प्रकृति की बनावट है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी प्रकृति को बिगड़ने नहीं दिया और सफलता व सिनेमा को खुद पर हावी नहीं होने दिया। अपनी साथी अभिनेत्रियों का सम्मान जताते हुए उन्होंने कहा कि जिस समाज से वे आते हैं, वहां एक लड़की के लिए घर से निकलकर सिनेमा में आना बड़ी लड़ाई रही है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया महिलाओं की वजह से खूबसूरत है।
