हैदराबाद : वॉटरमैन ऑफ इंडिया राजेंद्र सिंह ने तेलंगाना सरकार से कहा है कि हैदराबाद की मूसी नदी के लिए गुजरात की साबरमती नदी का मॉडल न अपनाया जाए। उन्होंने शुक्रवार को तेलंगाना क्लाइमेट कॉन्क्लेव के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को संबोधित करते हुए यह सुझाव दिया। इस कार्यक्रम में ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रमुख श्री श्री रविशंकर भी मौजूद थे। कॉन्क्लेव 7 से 9 दिसंबर के बीच आयोजित होना है। सिंह के मुताबिक, सरकार को मूसी नदी की अपनी प्राकृतिक परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार अलग मॉडल तैयार करना चाहिए। साबरमती रिवरफ्रंट का विकास मॉडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान तैयार हुआ था। गौरतलब है कि राजेंद्र सिंह ने सरकार से एक भी रुपया लिए बिना 33 छोटी नदियों को फिर से जीवित किया है।
राजेंद्र सिंह ने विकास के ऐसे मॉडल पर सवाल उठाया, जिसमें आर्थिक और व्यावसायिक ढांचे को प्राथमिकता दी जाती है। उनके मुताबिक, ठेकेदारों और कॉरपोरेट कंपनियों के नियंत्रण वाला विकास पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है और स्थानीय संस्कृति को कमजोर कर सकता है। उन्होंने कहा कि नदी का विकास लोगों को केंद्र में रखकर होना चाहिए, न कि केवल निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर।
सिंह ने सुझाव दिया कि नदी के किनारों पर तीन स्तरों में पेड़-पौधे लगाए जाएं। नदी के बिल्कुल पास छोटे झाड़ और पौधे, उसके पीछे मध्यम ऊंचाई के पेड़ और सबसे पीछे ऊंचे पेड़ लगाए जाएं। उनके मुताबिक, इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बना रहेगा और आसपास हरियाली भी विकसित होगी। उन्होंने नदी के किनारों पर बड़े पैमाने पर कंक्रीट निर्माण से बचने की सलाह दी और कहा कि मूसी को नदी ही रहने दिया जाए, उसे नहर जैसा स्वरूप न दिया जाए। नदी के प्राकृतिक बहाव और उसके पारिस्थितिक तंत्र को सुरक्षित रखना जरूरी है। राजेंद्र सिंह ने हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) की ओर से शहर की झीलों के पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे काम की तारीफ भी की।
तेलंगाना सरकार हैदराबाद में मूसी नदी के करीब 55 किलोमीटर हिस्से को विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसमें नदी के किनारों को पर्यटन, मनोरंजन और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर नदी के किनारे सुविधाएं विकसित करने की योजना को लेकर पर्यावरणविदों और सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए हैं। तेलंगाना में बहने वाली मूसी नदी की कुल लंबाई लगभग 240 से 260 किलोमीटर है। यह विकाराबाद जिले की अनंतगिरि पहाड़ियों से निकलती है और नालगोंडा जिले के वडापल्ली में वजीराबाद के पास कृष्णा नदी में जाकर मिलती है।
