पुणे जिले के हिंजवड़ी इलाके में एक युवती की पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और शादी की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि मृत युवती की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे और पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। पिछले दो-तीन महीनों से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोमल को शक था कि शुभम उसे धोखा दे रहा है।

जाधव के मुताबिक, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और इसके बाद हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में डहाले के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं। रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में कालबांडे ने डहाले पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की, जिसमें पता चला कि कालबांडे ने अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है।