लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला किया। उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा यानी अर्धनारीश्वर स्वरूप की तस्वीर साझा करते हुए दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। राहुल गांधी का कहना है कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।
अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि जितना गहराई से वे भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझते जा रहे हैं, यह बात उतनी ही साफ होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी हैं और उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने अर्धनारीश्वर स्वरूप की तस्वीर भी साझा की, जिसमें एक ही प्रतिमा में आधा पुरुष और आधा स्त्री रूप दर्शाया गया है। इस स्वरूप में शिव और शक्ति को एक साथ दिखाया जाता है।
बता दें कि राहुल गांधी पिछले सप्ताह अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा था कि खाने के समय पापा बैठे होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने पिछले मंगलवार को एक और पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने जाल बुन दिया है। कांग्रेस ने भी राहुल का समर्थन करते हुए कहा था कि प्यार को छिपाने की जरूरत नहीं है।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी के माता-पिता को लेकर दिए बयान पर निशाना साधा था। उन्होंने राहुल के बयान का वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी को संबोधित किया था और तंज कसते हुए कहा था कि वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। सरमा ने कहा था कि देश को यह बात बहुत पहले समझ आ गई थी और उम्मीद है कि अब आप भी समझ जाएंगी कि इस प्रोडक्ट को लॉन्च और री-लॉन्च करने का कोई फायदा नहीं है।