रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े बारह बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गाड़ी मुरादाबाद से सीतापुर जा रही थी।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गाड़ी यूपी 34 नंबर की थी। गाड़ी मालिक मन्नू पुत्र राजू पोरवाल सीतापुर के कसबा व थाना बिसवां के रहने वाले हैं। उनके अनुसार गाड़ी उनका भाई सुनील पोरवाल किसी काम से मुरादाबाद लेकर गया था। उसके साथ बिसवां के ही अभिषेक, निलेश और रामजीवन यादव भी थे।
गिरने के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोग खेत में दूर-दूर जा गिरे। सुनील, अभिषेक और निलेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रामजीवन यादव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। बोलेरो के इंजन से धुआं निकलने पर आग की आशंका के चलते पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाकर उसे ठंडा किया।
थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि गाड़ी मालिक को फोन कर हादसे की सूचना दी गई, लेकिन चारों की मौत के बारे में नहीं बताया गया। स्वजन रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उधर, शौकत मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय बाइक सवार तुषार की मौत हो गई। तुषार डायमंड कालोनी रोड के रहने वाले थे और टाटा क्रोमा कंपनी में सेल्समैन थे। शुभ्रा पैथोलॉजी लैब के पास हुई टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
