महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिरसाट ने रविवार को एक पॉडकास्ट में कहा था कि 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में हुई बगावत के दौरान बीच रास्ते में पीछे हटने वाले विधायक को अन्य बागी सदस्यों के गुस्से का सामना करना पड़ सकता था, लेकिन उन्हें जाने दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन उस विधायक का ‘राम नाम सत्य’ भी हो सकता था।

शिरसाट ने विधायक का नाम लिए बगैर कहा था कि बागी विधायकों को महाराष्ट्र से गुजरात के सूरत ले जाने वाले वाहन में एक सदस्य असहज हो गए थे और बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। मंत्री ने उस घटना की तुलना वेब सीरीज से की। उन्होंने यह दावा भी किया था कि सूरत से पहले टोल प्लाजा पर लगा जाम शिंदे ने वहां के पुलिस अधीक्षक को फोन करके हटवाया था।

इस बीच, संबंधित विधायक कैलाश पाटिल ने शिरसाट की धमकी भरी टिप्पणी की जांच की मांग की है। पाटिल ने कहा कि बागी विधायकों पर दबाव था, लेकिन वह उद्धव गुट में लौटने के अपने फैसले पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों पर केंद्र की सत्ताधारी पार्टी का दबाव था और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शिरसाट की टिप्पणियों की जांच करानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि उस्मानाबाद (धाराशिव) से विधायक रहे पाटिल ने 2024 में शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए अपनी सीट बरकरार रखी थी। शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में 2022 में हुई बगावत से महाराष्ट्र में उद्धव के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाडी सरकार गिर गई थी, जिसके बाद शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे।