शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक राजनीति तेजी से बदल रही है और ऐसे में सबसे आसान रास्ता उन मुद्दों पर बातचीत करना है, जो सभी को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृति और सभ्यताओं पर चर्चा होनी चाहिए और यह भी समझना चाहिए कि इन सभ्यताओं ने सबको किस तरह प्रभावित किया है। उन्होंने इस पहल को स्वागत योग्य कदम बताते हुए एससीओ का आभार जताया कि वह ऐसे मंच आयोजित कर रहा है, जो क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने का मौका देते हैं।

सीमा पार आतंकवाद पर भारत की चिंता से जुड़े सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि अगले दिन जब वह अपना बयान देंगे, तब इस पर काफी बातचीत होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच सभ्यताओं के पुराने संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में मलिक ने कहा कि संवाद अलग-अलग पक्षों के बीच होता है। जहां सब एक जैसे हों, वहां संवाद की जरूरत नहीं होती, वहां सिर्फ एकतरफा बात होती है। संवाद विविधता के बारे में होता है।

उन्होंने कहा कि भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच खुदाई में मिले पुराने अवशेषों को देखें तो वहां भी संवाद के प्रमाण मिलेंगे। उन्होंने इसे बहुत अच्छी और स्वागत योग्य पहल बताया।

इस मंच के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी देशों के संबंध बेहतर होंगे, क्योंकि इस क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और वैश्विक राजनीति की बुनियाद बदल रही है। उन्होंने कहा कि वह पूरी उम्मीद करते हैं कि बड़े नजरिये से चीजों को देखा जाएगा, जिसमें सभी राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बातचीत होगी और पूरे क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।