शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के फोरम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है। इस मामले पर अब भाजपा की तरफ से भी बयान सामने आया है। भाजपा नेता नलिन कोहली ने बात करते हुए साफ किया कि पाकिस्तानी मंत्री को कोई अलग से न्यौता नहीं दिया गया था और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुदेशीय सम्मेलन है, जिसमें सभी देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेने आए हैं। कोहली ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का रुख साफ है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा को विदेश नीति के मुद्दे पर कांग्रेस से सीखने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री की इस यात्रा पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जब भारत ने सिंधु जल संधि अमान्य घोषित की थी, उस वक्त उन्होंने भारत के हाथ काटने की बात कही थी। श्रीनेत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों एक ही पंक्ति में कुछ दूरी पर बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों का जिक्र किया और कथनी व करनी में अंतर की बात कही।
गौरतलब है कि भारत ने आखिरी बार करीब तीन साल पहले किसी पाकिस्तानी मंत्री का स्वागत किया था, जब तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी एससीओ समिट के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने आए थे। इस बार पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक एससीओ की सिविलाइजेशनल डॉयलॉग में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। बता दें कि शंघाई सहयोग संगठन की इस फोरम की शुरुआत भारत के नेतृत्व में ही की गई थी।
