सिमडेगा में आगामी राजकीय रामरेखा मेले के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान और एसडीएम सुमंत तिर्की ने संयुक्त रूप से रामरेखा धाम स्थित मेला परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और आवागमन के रास्तों का बारीकी से अवलोकन किया गया। मेला परिसर और आसपास के संवेदनशील तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने और मेला अवधि में लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने की बात कही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना और असामाजिक गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके।
इसके अलावा पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से मेला के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
