सिरोही जिले की पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव में कांग्रेस ने 8 में से 7 समितियों में अपना बोर्ड बनाया है, जबकि भाजपा को केवल रेवदर में सफलता मिली है। सबसे ज्यादा चर्चा सिरोही पंचायत समिति के नतीजे की हो रही है, जहां कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाकर नेहा पुनीत अग्रवाल को प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

नेहा अग्रवाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश अग्रवाल की पुत्रवधू और जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव पुनीत अग्रवाल की पत्नी हैं। जावाल निवासी नेहा ने फाइनेंस में एमबीए किया है और विवाह से पहले एक निजी बैंक में कार्यरत थीं। बताया जाता है कि उनके ससुर प्रकाश अग्रवाल ने 1988 और 2010 में प्रधान पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों बार उन्हें हार मिली। इस बार नेहा ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर शुरू किया और कांग्रेस ने उन्हें प्रधान पद सौंपा। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले जावाल क्षेत्र से उनकी जीत को परिवार की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक महत्वाकांक्षा की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है।

अन्य समितियों में शिवगंज से कांग्रेस की दीवान कंवर दहिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। भावरी में कांग्रेस के शांतिलाल गमेती ने 13 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि बीएपी प्रत्याशी को 6 मत मिले। मंडार में कांग्रेस की शिल्पा कुमारी कोली 10 मत के साथ प्रधान बनीं, जबकि भाजपा के अमृतलाल को 5 मत मिले। शिल्पा मंडार की पहली प्रधान बनीं। पिंडवाड़ा में चित्रा शेखावत और कालंद्री में अमिया देवासी प्रधान निर्वाचित हुईं। कालंद्री में पहली बार ओबीसी वर्ग की प्रधान बनी है।

भाजपा को एकमात्र सफलता रेवदर में मिली, जहां गणपत सिंह निम्बोड़ा ने 14 मत पाकर प्रधान पद जीता, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र चौधरी को 7 मत मिले। इन परिणामों को ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति का संकेत माना जा रहा है।