सोनपुर मेला के उद्घाटन और कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के मद्देनजर जिला प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। सारण और वैशाली जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय से वाहनों के परिचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है।

जारी निर्देश के अनुसार 22 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन और मेला उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर अपराह्न तीन बजे से रात आठ बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान छपरा से सोनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को महात्मा गांधी सेतु के रास्ते भेजा जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर 23 नवंबर की सुबह से 25 नवंबर की सुबह तक सोनपुर शहर में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में केवल मेला कार्य में लगे सरकारी वाहनों और एंबुलेंस को परिचालन की अनुमति होगी।

बड़े वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किए गए हैं। छपरा से हाजीपुर जाने वाले बड़े वाहन मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज और भगवानपुर थाना होकर हाजीपुर पहुंचेंगे, लेकिन उन्हें हाजीपुर शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पटना से महात्मा गांधी सेतु के रास्ते आने वाले बड़े वाहन रामाशीष चौक से भगवानपुर थाना होते हुए लालगंज की ओर मुड़ेंगे और फिर अंबारा व रेवा घाट के रास्ते छपरा पहुंचेंगे। प्रशासन के अनुसार यह डायवर्जन केवल बड़े वाहनों के लिए है। एनएच 19 पर बने नए गंडक पुल पर छोटे वाहन सामान्य रूप से चलते रहेंगे।

सौ वर्ष से अधिक पुराने गंडक पुल के निचले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पर पहले से भारी वाहनों का परिचालन बंद है। कार्तिक पूर्णिमा के दौरान पुल पर पैदल यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 23 नवंबर को हाजीपुर की ओर से हरिहरनाथ मंदिर और सोनपुर गंगा स्नान घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुल के दोनों किनारों पर बने पैदल यात्री लेन खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 26 नवंबर को अपराह्न पांच बजे तक लागू रहेगी और इस दौरान पुल पर चारपहिया व दोपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले पैदल यात्रियों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से पुल का बीच वाला मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा, जबकि दोनों तरफ के पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 28 नवंबर तक खुले रहेंगे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि मेला और स्नान के दौरान जाम से बचते हुए आवागमन सुचारु रखा जा सके।