सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट का वह आदेश रद कर दिया, जिसमें सीबीआई और ईडी को राहुल गांधी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों की जांच करने को कहा गया था। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बाग्ची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह आदेश दिया।

मामला भाजपा कार्यकर्ता एस विग्नेश शिशिर की ओर से दाखिल याचिका से जुड़ा है, जो कर्नाटक के बेंगलूरू के रहने वाले हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस याचिका पर सीबीआई और ईडी को आरोपों की जांच या पुष्टि का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने मई में पारित अपने आदेश में कहा था कि याचिकाकर्ता की शिकायत मिलने पर आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन किया जा सकता है और दोनों एजेंसियां कानून के मुताबिक उचित कदम उठा सकती हैं। हाई कोर्ट ने दोनों एजेंसियों को जांच की प्रगति से अवगत कराने का निर्देश भी दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने मामला वापस भेजते हुए हाई कोर्ट को निर्देश दिया है कि वह इस याचिका पर नए सिरे से विचार करे, जिसमें याचिका की सुनवाई योग्यता पर भी विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही हाई कोर्ट के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी और सीबीआई तथा ईडी से कहा था कि उन्हें इस मामले में हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने की जरूरत नहीं है।

राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से दाखिल याचिका में कहा गया था कि हाई कोर्ट में चल रही कार्यवाही कानून में मान्य प्रक्रिया के जरिए उत्पीड़न करने जैसी है। राहुल गांधी की ओर से पेश वकील कपिल सिब्बल ने याचिकाकर्ता के लोकस स्टैंडी यानी औचित्य और उसकी मंशा पर भी सवाल उठाए थे।