सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मदुरै जिले की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित पत्थर के खंभे 'दीपाथून' पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति दे दी है। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने यह अंतरिम आदेश मद्रास हाई कोर्ट के उस फैसले के खिलाफ तमिलनाडु सरकार की अपील पर सुनाई, जिसमें इस जगह पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी। शीर्ष अदालत ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाते हुए साफ किया कि यह अनुमति केवल एक बार के लिए है और इससे कोई स्थायी अधिकार या परंपरा कायम नहीं होगी।
कोर्ट ने कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति होगी। इस टीम में कितने लोग होंगे और कौन शामिल होगा, इसका फैसला मदुरै जिला कलेक्टर करेंगे। वे इसके लिए मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और मदुरै पुलिस आयुक्त से सलाह लेंगे। कलेक्टर पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे, जबकि पुलिस सुरक्षा का इंतजाम देखेगी। जरूरत पड़ने पर सीआरपीएफ की मदद भी ली जा सकती है।
अदालत ने इस जगह पर लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने, प्रदर्शन करने या नारे लगाने पर रोक लगा दी है। पीठ ने यह भी निर्देश दिया कि पारंपरिक स्थलों पर पूजा-पाठ और पास ही स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह और मस्जिद तक लोगों का आना-जाना बिना किसी रुकावट के जारी रहना चाहिए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह अंतरिम व्यवस्था खंभे की प्रकृति, जमीन के मालिकाना हक या किसी स्थापित धार्मिक परंपरा के बारे में अंतिम फैसला नहीं है।
इससे पहले तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को अदालत में दलील दी थी कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर में मौजूद हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक स्वरूप दिए जाने की स्थिति पैदा हो सकती है। मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर से जुड़ा यह विवाद मुख्य रूप से इस बात को लेकर है कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। पिछले कई दशकों से पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित उच्चिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीपक जलाया जाता रहा है, जबकि हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर अधिक ऊंचाई पर स्थित प्राचीन पत्थर के दीप स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी। यह स्तंभ दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है।
