26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत से बड़ी राहत मिली है। विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद बुधवार को यह आदेश दिया, जो 2008 के मुंबई हमले की 18वीं बरसी से एक दिन पहले आया है। अदालत ने राणा को अपनी नवजात पोती और परिवार से वीडियो कॉल पर बात करने की इजाजत दी है। यह कॉल 14 दिसंबर 2026 और 4 जनवरी 2027 को तिहाड़ जेल से की जा सकेगी। हर कॉल 10 मिनट की होगी और शाम 6 से 7 बजे के बीच कराई जाएगी।
अदालत ने कड़ी शर्तें भी लगाई हैं। वीडियो कॉल जेल अधीक्षक की मौजूदगी में होगी और पूरी बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। कॉल लगने पर पहले जेल अधीक्षक दूसरी तरफ से 'हैलो' कहकर बात करेंगे और जवाब मिलने के बाद ही फोन राणा को सौंपेंगे। अदालत ने साफ कहा है कि राणा भविष्य में इस आधार पर दोबारा ऐसी सुविधा की मांग नहीं कर सकेगा।
राणा के वकील निशांत सिंह ने अदालत में अर्जी लगाकर 27 नवंबर (थैंक्सगिविंग डे), 26 दिसंबर (क्रिसमस सप्ताह) और 2 जनवरी (नए साल सप्ताह) को अमेरिका में रह रहे परिवार से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग की थी। वकील के मुताबिक राणा 10 अप्रैल 2025 से हिरासत में है और तब से उसने अपने परिवार और नवजात पोती को नहीं देखा है। हालांकि जेल में उसे सामान्य फोन कॉल करने की सुविधा मिल रही है। जांच एजेंसी एनआईए ने इस मांग का कड़ा विरोध किया था। एजेंसी का तर्क था कि हिरासत में रहते हुए किसी आरोपी को वीडियो कॉल करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है, इसलिए अर्जी खारिज की जानी चाहिए।
तहव्वुर राणा अमेरिका में 14 साल की सजा काट चुका है और साल 2025 में उसे अमेरिका से भारत लाया गया था। वह 10 अप्रैल 2025 से दिल्ली की तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है। इस मामले में एनआईए अपनी दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और अदालत अगले महीने आरोप तय करने पर सुनवाई करेगी।