वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश कैबिनेट से नई वक्फ नियमावली-2026 को मंजूरी मिलने के बाद अब मुतवल्ली बनने के लिए स्नातक होना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान भी जरूरी होगा। इससे संपत्तियों के दस्तावेजों, सरकारी पत्राचार और वित्तीय रिकॉर्ड के रखरखाव में पारदर्शिता बढ़ाने की मंशा है। हालांकि, अभी जिला स्तर पर इसके क्रियान्वयन को लेकर कोई लिखित आदेश नहीं पहुंचा है।

रामपुर जिले में नगर और पांचों तहसील क्षेत्र में कुल 3011 पंजीकृत वक्फ संपत्तियां हैं, जिनमें 1990 शिया और 1021 सुन्नी वक्फ संपत्तियां शामिल हैं। अब तक मुतवल्ली की नियुक्ति के लिए स्नातक जैसी शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं थी, जिसके चलते कई ऐसे लोग भी यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं जिनकी औपचारिक शिक्षा सीमित है। नई नियमावली से पुराने गैर-स्नातक मुतवल्लियों के सामने पद पर बने रहने की चुनौती खड़ी हो सकती है।

प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत ने बताया कि शासन और विभाग के उच्चाधिकारियों से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उनका पालन कराया जाएगा। आदेश मिलने पर सभी की शैक्षिक योग्यता के बारे में सूचना मांगी जाएगी। वह करीब एक वर्ष से अतिरिक्त प्रभार के रूप में विभाग का काम देख रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुराने मुतवल्लियों के लिए क्या व्यवस्था होगी और उन्हें कोई छूट मिलेगी या नहीं। यह शासन के विस्तृत आदेश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल जिले में वक्फ संपत्तियों से जुड़े लोगों की निगाहें विभागीय दिशा-निर्देशों पर टिकी हैं।