भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गए। पार्टी में आते ही उन्हें ओबीसी मोर्चे का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसी बीच शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है उन्हें अपना शुगर डैडी मिल गया है। यह तंज पिछले साल चहल के तलाक के बाद भी चर्चा में है। चहल की शादी 2020 में कोरियोग्राफर और कॉन्टेंट क्रिएटर धनश्री वर्मा से हुई थी, जो पांच साल भी नहीं टिक पाई।

बीजेपी में शामिल होने के बाद चहल ने एक्स पर कहा कि भाजपा परिवार में उन्हें स्थान और मान-सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का आभार प्रकट करता हूं। चहल ने ओबीसी मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य से मुलाकात करके बीजेपी की सदस्यता ली। 21 नवंबर को बीजेपी ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि चहल को ओबीसी मोर्चे के पदाधिकारियों में शामिल किया गया है। इस सूची में निर्भया मामले की वकील सीमा कुशवाहा और ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक को भी शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि युजवेंद्र चहल फिलहाल टीम इंडिया में नहीं हैं। वह आईपीएल और घरेलू टूर्नमेंट खेल रहे हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। वह हरियाणा की ओर से मुश्ताक अली टी20 टीम में शामिल हैं, इसके अलावा पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं।

पार्टी में चहल को ओबीसी मोर्चे का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ऐसे सदस्य संगठन की बैठकों और चर्चाओं में विशेष रूप से आमंत्रित किए जाते हैं और उनकी आधिकारिक जिम्मेदारी निश्चित नहीं होती। जरूरत पड़ने पर उन्हें कोई भी जिम्मा दिया जा सकता है। अब यह देखना है कि पार्टी चहल को कौन सा काम सौंपती है।