डिलिमिटेशन को लेकर जारी बहस के बीच भारतीय जनता पार्टी छोड़ रहे दिग्गज के. अन्नामलाई ने कहा है कि वह 30 नवंबर को संसद में पेश होने जा रहे 132वें संविधान संशोधन विधेयक का पूरी तरह समर्थन करते हैं। वी द लीडर्स के संस्थापक और प्रमुख अन्नामलाई ने परिसीमन को दक्षिणी राज्यों के लिए स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा और तमिलनाडु का हिस्सा कुल सांसदों का 7.18 प्रतिशत होगा। उन्होंने कहा कि यह ऐसा कदम है जिसे हर राजनीतिक पार्टी को समर्थन देना चाहिए और टीवीके को भी इसका समर्थन करना चाहिए।
अन्नामलाई ने कांग्रेस द्वारा परिसीमन के विरोध को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस के असहमत होने का कोई कारण नहीं दिखता, क्योंकि वह यह पहले तीन बार कर चुकी है। उनके अनुसार यह एक निष्पक्ष प्रक्रिया है और विधेयक बहुत स्पष्ट है। उन्होंने आगे कहा कि अगला लोकसभा चुनाव जब भी हो, 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होना चाहिए, जिससे महिलाओं को लोकसभा में प्रवेश मिल सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई वास्तविक चिंता नहीं है और उसे डर फैलाने के बजाय अपनी समस्या स्पष्ट रूप से बतानी चाहिए।
इस बीच, केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का प्रस्तावित परिसीमन विधेयक दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम करने और देश के संघीय ढांचे को कमजोर करने की साजिश है। कांग्रेस नेता ने एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों की रक्षा और सत्ता में बने रहने के लिए यह एजेंडा आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का उद्देश्य उत्तरी राज्यों का राजनीतिक वर्चस्व सुनिश्चित करना और संसद में दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक आवाज को कमजोर करना है।
चेन्निथला ने इस दावे को सरासर झूठ करार दिया कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका असली मंशा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एजेंडे को थोपना है।
