केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के डीएमके के फैसले के बाद एमके स्टालिन विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। मुख्यमंत्री विजय थलपति की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (टीवीके) की आईटी विंग ने शनिवार को सोशल मीडिया पर स्टालिन की एक एडिट की गई तस्वीर साझा की, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ड्रेस में दिखाया गया है। पोस्ट के कैप्शन में स्टालिन को 'सावरकर 2.0' कहा गया। एक अन्य एनिमेटेड पोस्ट में स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन को आरएसएस सदस्य के रूप में शपथ लेते दिखाया गया, जिसके साथ लिखा गया कि यह वह पल है जब वे पूरी तरह 'संघी' बन गए।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब डीएमके ने संसद के आगामी विशेष सत्र में सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया। पार्टी के उप महासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि नए विधेयक में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी की एकसमान बढ़ोतरी का प्रावधान है। संसद में डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 8 सांसद हैं, जिनकी भूमिका इस बिल को पारित कराने में अहम मानी जा रही है।
आलोचनाओं के बीच स्टालिन ने अपने फैसले का बचाव करते हुए संशोधित विधेयक को परिसीमन के मुद्दे पर तमिलनाडु के तीन साल लंबे संघर्ष की बड़ी जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि बिल में 2024 के विधानसभा प्रस्ताव में उनकी पार्टी की दो प्रमुख मांगों को मान लिया गया है। स्टालिन ने स्पष्ट किया कि नए प्रस्ताव में परिसीमन का आधार हालिया जनसंख्या के आंकड़ों को नहीं बनाया गया है, बल्कि संसदीय प्रतिनिधित्व तय करने के लिए 1971 की जनगणना के अनुपात को आधार रखा गया है।
स्टालिन के मुताबिक, इस व्यवस्था से संसद में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी का प्रतिशत बरकरार रहते हुए उसकी लोकसभा सीटें बढ़ेंगी, जिससे अगले 25 वर्षों तक राज्य के राजनीतिक हित सुरक्षित रहेंगे। गौरतलब है कि डीएमके ने इससे पहले अप्रैल में लाए गए परिसीमन बिल के पुराने स्वरूप का कड़ा विरोध किया था और इसे जल्दबाजी में लाया गया कदम बताते हुए सदन में गिराने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
