पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की समयसीमा चुनाव आयोग ने दूसरी बार बढ़ा दी है। शुक्रवार को जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक ड्राफ्ट मतदाता सूची 15 दिसंबर को प्रकाशित होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 8 फरवरी 2027 को जारी की जाएगी।
नए कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 3 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक चलेगी। इन दावों और आपत्तियों का निपटारा 1 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
इस बीच चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत लंबित अपीलों को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग के मुताबिक, जिन मामलों में न्यायिक अधिकारियों ने अभी फैसला नहीं दिया है, उन्हें उचित निर्णय के लिए मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO) के पास भेजा जाएगा। जिन मामलों में फैसला हो चुका है, लेकिन ई-सिग्नेचर लंबित है, उन्हें निर्णय हो चुका मामला माना जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को न्यायिक अधिकारियों ने सूची से हटाया है और जिन्होंने SIR ट्रिब्यूनल में अपील नहीं की है, उनके मामलों में कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। वहीं, ट्रिब्यूनल में अपील लंबित होने तक संबंधित लोगों के Form 6 आवेदन पर कार्रवाई न करने का निर्देश दिया गया है। ट्रिब्यूनल में लंबित अपीलों को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार प्राथमिकता से निपटाया जाना चाहिए। आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इन निर्देशों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
