मोदी सरकार संसद में डिलिमिटेशन बिल पेश करने जा रही है। इस बीच गीतकार जावेद अख्तर ने बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी तक इसका फाइनल प्लान सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यह थोड़ा अजीब लगता है कि जिन इलाकों ने फैमिली प्लानिंग को प्राथमिकता नहीं दी, उन्हें ज्यादा सीटें दी जा रही हैं, जबकि फैमिली प्लानिंग अपनाने वाले इलाकों को कम सीटें मिल रही हैं। अख्तर ने कहा कि इससे कोई बैलेंस कैसे बनता है। उन्होंने यह भी कहा कि डिटेल्स आने के बाद इसे देखा जाएगा और यह भी देखा जाएगा कि सरकार के अलावा विपक्ष के कौन से सदस्य बिल का समर्थन या विरोध करते हैं।
इस बीच शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी और एमके स्टालिन की डीएमके ने बिल को समर्थन देने का ऐलान किया है, जिससे सरकार को बिल पास होने का भरोसा है। डीएमके के वरिष्ठ नेता और सांसद ए राजा ने बताया कि यह फैसला पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में विचार-विमर्श के बाद लिया गया। राजा ने कहा कि पार्टी ने सभी राज्यों की मौजूदा स्तर की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान करने के लिए लाए जा रहे प्रस्तावित विधेयकों को समर्थन देने का फैसला किया है।
दूसरी ओर, इंडिया अलायंस ने शनिवार को संसद में डिलिमिटेशन से जुड़े महिला कोटा पर संविधान संशोधन बिल का मिलकर विरोध करने का फैसला किया है। विपक्षी दलों ने सरकार के इस कदम को भाजपा-आरएसएस के हमेशा के लिए सत्ता में बने रहने और देश में लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश बताया। विपक्षी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स के साथ दो घंटे की मीटिंग के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि डिलिमिटेशन बिल अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के हितों के खिलाफ है, क्योंकि उन्हें उनकी बढ़ी हुई संख्या के हिसाब से सीटें नहीं मिलेंगी और यह बिल लोकतंत्र खत्म करने का खतरा पैदा करता है।
