लखनऊ में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यह कदम उठाकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है और अब यह सुनिश्चित हो गया है कि 2029 के चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून लागू हो जाएगा। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खोला था और अब महिलाओं को इसके लिए और इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के फैसले से महिलाओं का 33 प्रतिशत आरक्षण व्यावहारिक और प्रभावी होगा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता और सभी राज्यों के हितों के ध्यान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी सीटें बढ़ेंगी, जिससे प्रदेश की बहनों और बेटियों को राजनीति में अधिक अवसर मिलेंगे और उनका नेतृत्व मजबूत होगा। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और शासन, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी सांसदों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व दिलाना ही वास्तविक महिला सशक्तिकरण है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर महिला आरक्षण बिल के रास्ते में रोड़ा अटकाया और दोनों दल महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के विरोधी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव महिला आरक्षण के पक्ष में होने की बात करते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी ने बिल के खिलाफ वोट दिया। उनके अनुसार सपा का सिद्धांत और व्यवहार अलग-अलग हैं तथा महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर सपा और कांग्रेस का दोहरा चरित्र सबके सामने है।