परिसीमन विधेयक (संशोधित) 2026 को केन्द्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। यह विधेयक लोकसभा में 30 नवम्बर और राज्यसभा में 2 दिसम्बर को पेश किया जाना है, जिसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। विधेयक की प्रतियां सभी सांसदों को पढ़ने के लिए उपलब्ध करा दी गयी हैं। चर्चा है कि परिसीमन के बाद बिहार में लोकसभा सीटें 40 से बढ़कर 60 हो जाएंगी। राजद सांसद मनोज झा ने कहा है कि इसके जरिये सत्ता पक्ष एनडीए अनुकूल चुनावी सीमाएं (जैरीमेंडरिंग) तय करना चाहता है।
परिसीमन अधिनियम 2002 के तहत 12 जुलाई 2002 को परिसीमन आयोग का गठन हुआ था, जिसके अध्यक्ष रिटायर जस्टिस कुलदीप सिंह थे। आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और केन्द्र सरकार की भूमिका केवल प्रशासकीय सहयोगी की होती है। उस समय केन्द्र में अटल बिहारी वाजपेयी और बिहार में राबड़ी देवी की सरकार थी। इस आयोग के फैसलों से बिहार में लोकसभा सीटों की संख्या नहीं बढ़ी, लेकिन कुछ चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं बदल गयीं। बाढ़, बलिया, सहरसा और रोसड़ा जैसी पुरानी सीटें खत्म हो गयीं और पटना लोकभा क्षेत्र को दो भागों में बांट दिया गया। पटना के शहरी क्षेत्रों को मिलाकर पटना साहिब और अर्ध शहरी व ग्रामीण इलाकों को मिलाकर पाटलिपुत्र नाम से नया लोकसभा क्षेत्र बना। जमुई, काराकाट, सुपौल और उजियारपुर के नाम से भी नये क्षेत्र बने, लेकिन कुल सीटों की संख्या 40 ही रही।
पाटलिपुत्र सीट बनने के समय इसे यादव बहुल चुनाव क्षेत्र माना गया था, क्योंकि पटना के ग्रामीण इलाकों में यादव वोटर निर्णायक थे। इस क्षेत्र में मनेर, दानापुर, मसौढ़ी, पालीगंज, फुलवारी और विक्रम के इलाके शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक परिसीमन के कारण करीब 4 से 5 लाख यादव वोटर पाटलिपुत्र लोकसभा सीट का हिस्सा बन गये थे। कहा जाता है कि यादव वोटरों की अधिकता को देखकर ही 2009 के लोकसभा चुनाव में लालू यादव ने सारण (छपरा) के अलावा पाटलिपुत्र सीट से भी चुनाव लड़ा था।
परिसीमन के बाद पाटलिपुत्र सीट लालू यादव के लिए अनुकूल मानी गयी थी, लेकिन वे यह चुनाव हार गये। उन्हें जदयू के रंजन यादव ने करीब 23 हजार वोटों से हराया था। 2009 में इस सीट पर यादव वोटों का जबर्दस्त बंटवारा हो गया था। जदयू के रंजन यादव ने राजद के वोट बैंक में सबसे बड़ी सेंध लगायी थी, जबकि कांग्रेस के विजय सिंह यादव ने भी करीब 18 हजार वोट लाकर लालू यादव को नुकसान पहुंचाया था। भाकपा माले ने 36 हजार से अधिक वोट प्राप्त कर गैर भाजपा मतों में बड़ा विभाजन किया था। 2024 में मीसा भारती पाटलिपुत्र में तभी जीतीं जब कांग्रेस और भाकपा माले ने उनका समर्थन किया।
