मुंबई। शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। इंडिया अलायंस में शामिल एनसीपी (एसपी) के इस रुख के बाद पार्टी के भीतर विरोध सामने आया है। पार्टी के विधायक रोहित पवार ने एक पोस्ट में लिखा है कि सच से ज्यादा सत्ता को अहमियत दी जा रही है। वहीं सोशल मीडिया सेल में कार्यरत एक पदाधिकारी ने इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुस्लिम चेहरे हुसैन दलवई ने शरद पवार से अपने निर्णय पर दोबारा विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शरद पवार ने दो बार कांग्रेस पार्टी छोड़ी है और कई बार इसके साथ गठबंधन किया है। अब जब कांग्रेस सत्ता में नहीं है, तो वे भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। दलवई ने कहा कि यह पूरी तरह से गलत है और सिर्फ भाजपा का समर्थन नहीं, बल्कि देश के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कृपया इस पर पुनर्विचार करें, उनके साथ जुड़ना एक बहुत बड़ी गलती होगी।
पार्टी के भीतर भी असंतोष और मतभेद सामने आए हैं। प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया सेल रामेश्वर खामकर ने पार्टी के फैसले के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि उनके लिए पद और राजनीतिक वफादारी से अधिक विचारधारा, संविधान और आत्म-सम्मान महत्वपूर्ण हैं। बुलढाणा अध्यक्ष प्रसेनजीत पाटिल ने विरोध करने की अपील की है। लोकसभा में पार्टी के सचेतक अमोल कोल्हे ने सीधे विरोध के बजाय सतर्क रुख अपनाते हुए पार्टी नेतृत्व की घोषणा से अलग राय रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी बिना मसौदा विधेयक का अध्ययन किए कोई अंतिम निर्णय नहीं लेगी।
इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड की बेटी और युवा शाखा की पदाधिकारी नताशा आव्हाड को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में टैग करके सवाल पूछे गए हैं। इस पर उन्होंने लिखा है कि कृपया मेरी खामोशी को मिलीभगत समझने की गलती न करें। जो लोग मुझे टैग कर रहे हैं, मैं आपकी बात सुन रही हूं, आपको देख रही हूं और मैं तहे दिल से माफी मांगती हूं। वहीं, परिसीमन बिल के समर्थन के ऐलान के बीच शनिवार को उद्योगपति गौतम अडानी ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। गौतम अडानी सुबह अस्पताल पहुंचे और करीब दो से ढाई घंटे तक वहां रहे। नवंबर महीने में अडानी की शरद पवार से यह दूसरी मुलाकात बताई जा रही है। दोनों के बीच बंद कमरे में हुई इस बातचीत के विषयों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
