इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज़ हो गई है। चुनाव में बहुमत से दूर रहने के बावजूद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सत्ता में बने रहने की कोशिशों में जुटे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक़, उन्होंने विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार गादी आइज़नकोट को पीएम पद के लिए रोटेशन का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत पहले दो साल आइज़नकोट और अगले दो साल नेतन्याहू प्रधानमंत्री रह सकते हैं। हालांकि, कुछ मुद्दों पर दोनों के बीच असहमतियां बरकरार हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक़, नेतन्याहू इस बात की घोषणा करने की तैयारी में हैं कि वह आइज़नकोट के साथ सत्ता साझा करने को तैयार हैं। लेकिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड के भीतर ही इस प्रस्ताव को लेकर मतभेद हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के बीच भी इस कदम पर अलग-अलग विचार हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक़, यह प्रस्ताव अनौपचारिक रूप से आइज़नकोट तक पहुंचाया गया है ताकि लिकुड सार्वजनिक तौर पर इसकी ज़िम्मेदारी लेने से बच सके।
मिडिल ईस्ट मामलों के जानकार क़मर आग़ा का मानना है कि मौजूदा हालात में नेतन्याहू और आइज़नकोट के गठबंधन वाली सरकार बनने की संभावना अधिक है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इसराइल में ऐसे संकट के समय 'नेशनल यूनिटी' सरकार बनाने की कोशिश होती है और फ़लीस्तीन, ग़ज़ा, लेबनान और सीरिया के मुद्दों पर दोनों नेताओं की नीतियों में बहुत बड़ा अंतर नहीं है। उनके मुताबिक़, दोनों के बीच असली मतभेद घरेलू राजनीति, आर्थिक स्थिति, अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यहूदी समुदाय के युवाओं की मिलिट्री सर्विस और युद्ध के बाद इसराइल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हैं।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया की प्रोफ़ेसर रेशमी काज़ी मानती हैं कि नेतन्याहू केवल प्रधानमंत्री की कुर्सी बचाने की कोशिश नहीं कर रहे, बल्कि लिकुड पार्टी के भीतर अपनी पकड़ और इसराइल की राजनीति में अपनी केंद्रीय भूमिका भी बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने पर लिकुड के भीतर उनके नेतृत्व को चुनौती मिल सकती है और भ्रष्टाचार के मुकदमों तथा 7 अक्तूबर के हमले की जवाबदेही से जुड़े सवाल उनकी मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
आइज़नकोट और नेतन्याहू के बीच समझौते की सबसे बड़ी मुश्किलों में से एक 7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले की जांच है, जिसमें इसराइल की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर नाकामी सामने आई थी। आइज़नकोट स्वतंत्र जांच आयोग बनाने की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक एक्स पोस्ट में आइज़नकोट ने कहा कि उनकी पार्टी और लिकुड के बीच पिछले दो सप्ताह में पांच बार बातचीत हुई, लेकिन लिकुड ने इससे ज़्यादा बैठकों की मांग स्वीकार नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि लिकुड ने स्वतंत्र जांच आयोग बनाने पर सहमति नहीं दी और न ही सरकार से कट्टरपंथी तत्वों को हटाने या सभी नागरिकों के लिए मिलिट्री सर्विस अनिवार्य करने वाले क़ानून पर चर्चा करने की इच्छा दिखाई। आइज़नकोट ने कहा कि लिकुड ने ऐसी सरकार का प्रस्ताव रखा जिसमें मौजूदा सरकार और उसके सहयोगी दल बने रहें, लेकिन कोई वास्तविक बदलाव न हो।
