उन्नाव: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक नेताओं द्वारा धार्मिक कथा कराने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रायबरेली, गोंडा, कुंडा और उन्नाव समेत एक दर्जन जिलों में नेताओं की ओर से धार्मिक कथा का आयोजन किया जा चुका है। इसी कड़ी में उन्नाव जिले की सदर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक पंकज गुप्ता की ओर से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। कथा 28 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगी और इसे कथावाचक पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज वाचन करेंगे। यह आयोजन शहर के रामलीला ग्राउंड में हो रहा है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कलश यात्रा के साथ कथा की शुरुआत हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस कथा में लाखों लोगों के भाग लेने की संभावना है।

चुनाव से पहले नेताओं द्वारा धार्मिक कथा कराने के सवाल पर कथावाचक पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने मीडिया से कहा कि आयोजक पंकज गुप्ता विधायक जरूर हैं, लेकिन वह उनके शिष्य भी हैं और यह कथा चुनाव से पहले नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन्नाव में समय-समय पर कथा होती आई है, तब कोई चुनाव नहीं था। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के लोगों को कथा करानी चाहिए, इससे कथा कहने का ज्यादा अवसर मिलेगा और सनातन का प्रचार होगा।

कथावाचक ने कहा कि भारत का इतिहास आठ सौ या हजार सालों का नहीं बल्कि लाखों वर्ष पुराना है, जिसे कोई इतिहासकार नहीं बता सकता क्योंकि उनकी पहुंच वहां तक नहीं है। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से सनातनियों और बच्चों तक इतिहास पहुंचाया जाता है, क्योंकि बच्चे अंग्रेजों और मुगलों के बताए इतिहास के बारे में ही जानेंगे।

इससे पहले उन्नाव की भगवंत नगर विधानसभा के गौरी गांव में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, उन्नाव के अध्यक्ष अरुण सिंह द्वारा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया था। इसका वाचन पं. प्रदीप मिश्रा ने किया था। आयोजक की ओर से विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और कस्बे के लोगों के साथ बड़े नेताओं को भी न्योता दिया गया था और कथा सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था।