सीतापुर के महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भाजपा के विधानसभा संयोजक आशीष चौधरी ने महिला अस्पताल में डिलीवरी के नाम पर 6,000 रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि करीब तीन माह पहले उनकी पत्नी की डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन के नाम पर यह रकम मांगी गई और 3,000 रुपये की दवा बाहर से मंगवाई गई। चौधरी का दावा है कि 6,000 रुपये में से 2,000 रुपये कम पड़ने पर उनकी पत्नी को अस्पताल से बाहर कर दिया गया।

भाजपा नेता का कहना है कि उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी से शिकायत की और उनके निर्देश पर शपथ पत्र भी दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चार बार प्रार्थना पत्र देने के बाद पहले दिवाली के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, अब कार्रवाई से इनकार किया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने दोपहर 12 बजे से अस्पताल परिसर में धरना शुरू किया और सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार के निलंबन तक धरना और भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चार दिन लगें या 10 दिन, आंदोलन जारी रहेगा।

दूसरी ओर, सीएचसी अधीक्षक ने वसूली के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि शिकायत के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन से जुड़ा कुछ सामान अस्पताल में उपलब्ध नहीं था, इसलिए उसे बाहर से मंगवाना पड़ा। अधीक्षक ने यह भी कहा कि धरने से चिकित्सकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।