खाद्य नियामक FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ केस शुरू करने की मंजूरी दी है। कंपनी का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सैंपल असुरक्षित मिला। रेगुलेटर ने रविवार को यह जानकारी दी। यह सैंपल बिसलेरी इंटरनेशनल कैंपस से जांच के लिए लिया गया था।

FSSAI के मुताबिक, सैंपल में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट पाया गया, जिसके बाद इसे FSS एक्ट 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद सैंपल रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां भी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) मिलने के कारण इसे असुरक्षित बताया गया। रेगुलेटरी सैंपल “पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर” कैटेगरी का था। इस साल FSSAI ने फूड बिजनेस ऑपरेटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाई है।

ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है। पैकेज्ड पानी को साफ करने के लिए ओजोन का इस्तेमाल होता है। अगर पानी में पहले से ब्रोमाइड हो, तो ओजोन से मिलकर ब्रोमेट बन जाता है। ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी माना जाता है, इसलिए FSSAI ने इसकी बहुत कम सीमा तय की है। सीमा से ज्यादा ब्रोमेट मिलने का मतलब है कि पानी की ट्रीटमेंट प्रक्रिया में गड़बड़ हुई।

पॉलीक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन रसायनों का एक समूह हैं, जो कुछ इंडस्ट्री प्रोसेस और अधूरे दहन से बन सकते हैं। PAHs पेट्रोल, डीजल, कोयला, प्लास्टिक के जलने या पेट्रोकेमिकल प्रदूषण से बनने वाले केमिकल हैं। इनमें से कई को कैंसरकारी माना जाता है। पीने के पानी में PAHs का मिलना मतलब है कि पानी के स्रोत या पैकेजिंग/प्रोसेसिंग में कहीं से प्रदूषण आया है। इनमें से कुछ यौगिक लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं।