केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही केदारघाटी के प्रमुख यात्रा पड़ावों में सन्नाटा छा गया है। यात्रियों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाले फाटा, रामपुर, सीतापुर, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में अब वीरानी नजर आ रही है। यात्रा सीजन के अंत के साथ होटल, ढाबों और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों पर ताले लटक गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों के सामने अगले छह माह तक आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

केदारघाटी की अधिकांश आबादी की आजीविका छह माह की केदारनाथ यात्रा पर निर्भर है। बरसात के दो माह यात्रा प्रभावित रहने के कारण कारोबारियों को पूरे छह माह भी बेहतर रोजगार नहीं मिल पाता।

होटल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी ने कहा कि शीतकाल में रोजगार के अवसर सीमित हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनानी चाहिए। होटल कारोबारी अशोक सेमवाल ने कहा कि नागताल झील समेत क्षेत्र के बुग्यालों को ट्रैकिंग और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। साथ ही स्थानीय मठ-मंदिरों को धार्मिक पर्यटन से जोड़कर सालभर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाई जा सकती है।

स्थानीय कारोबारियों ने सरकार से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए वर्षभर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है।