ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने उत्तर प्रदेश के पांच शहरों में सीएनजी और पीएनजी की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के अनुसार सर्दियों में प्राकृतिक गैस की मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के कारण आरएलएनजी की खरीद लागत बढ़ी है, जिसके चलते यह बदलाव किया गया है। रविवार 22 नवंबर की सुबह छह बजे से नई दरें लागू हो गई हैं।

जीजीएल की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक सीएनजी के दाम में दो रुपये प्रति किलो और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) में एक रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) की वृद्धि की गई है। लखनऊ में सीएनजी अब 108 रुपये के बजाय 110 रुपये प्रति किलो मिलेगी, जबकि पीएनजी की कीमत 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। आगरा में भी सीएनजी 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है।

उन्नाव में सीएनजी की कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी अब 106 रुपये के बजाय 108 रुपये प्रति किलो मिलेगी। पीएनजी की दरों में भी सभी शहरों में एक रुपये प्रति एससीएम की वृद्धि हुई है। आगरा में नई दर 57.50 रुपये, उन्नाव में 57 रुपये और अयोध्या व सुलतानपुर में 58.50 रुपये प्रति एससीएम होगी।

कंपनी के डीजीएम-मार्केटिंग प्रवीण सिंह के अनुसार सर्दियों में मांग बढ़ने और वैश्विक आपूर्ति की अनिश्चितताओं के कारण आरएलएनजी की खरीद लागत बढ़ी है। इसी के चलते सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव किया गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों के साथ घरेलू रसोई के बजट पर भी असर पड़ेगा।