फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ प्रोसिक्यूशन शुरू करने की मंजूरी दी है। रेगुलेटर ने रविवार, 22 नवंबर को यह जानकारी दी। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल असुरक्षित मिला था। यह सैंपल बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से जांच के लिए लिया गया था।
FSSAI के मुताबिक, सैंपल में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट पाया गया। इसके बाद इसे FSS Act, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया। रेगुलेटर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सैंपल "पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (मिनरल वॉटर को छोड़कर)" श्रेणी का था।
कंपनी ने इस फैसले के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। FSSAI के अनुसार, रेफरल लैबोरेटरी ने भी सैंपल को असुरक्षित बताया। जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए गए। लैब की जांच से कानून के तहत असुरक्षित भोजन से जुड़े उल्लंघन साबित हुए। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ FSS Act, 2006 के तहत प्रोसिक्यूशन शुरू करने की मंजूरी दी।
इस कैलेंडर ईयर में FSSAI ने फूड बिजनेस ऑपरेटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाई है। रेगुलेटर ने एनर्जी ड्रिंक और एल्कोहॉलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की है।
