भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने असुरक्षित पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एफएसएसएआई की जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन्स पाए गए थे, जिसके कारण इसे असुरक्षित घोषित किया गया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब एफएसएसएआई बेवरेज कंपनियों की जांच कर रहा है। इसमें रेड बुल के साथ चल रहा विवाद भी शामिल है, जो अपने उत्पाद को एनर्जी ड्रिंक के रूप में वर्गीकृत करने को लेकर है। जून में नियामक ने एनर्जी ड्रिंक लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। नियामक का तर्क है कि कुछ पेय पदार्थों में बहुत ज्यादा मात्रा में चीनी मिलाई जाती है और इस तरह के वर्गीकरण से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं।

रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने नियामक के इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उनका तर्क है कि ये प्रतिबंध बिना किसी पूर्व सूचना के लगाए गए थे। रेड बुल को अदालत से स्टे मिल गया है, जिससे उसे एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति मिली है, जबकि अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया है।

एफएसएसएआई ने रेड बुल को मिली इस राहत को चुनौती दी है। नियामक का तर्क है कि इससे कंपनी को अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले अनुचित व्यावसायिक लाभ मिलता है। इस मामले की सुनवाई जनवरी में होनी है।