असम के गुवाहाटी में एक व्यस्त सड़क के नीचे बने नाले में कई दिनों तक फंसे रहे एक युवक को राहगीरों ने बचा लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की इमारत के सामने बने नाले का है, जहां आसपास भारी वाहनों की आवाज के कारण काफी शोर रहता है। फुटपाथ से गुजर रहे लोगों को नाले से मदद मांगने की हल्की आवाज सुनाई दी। एक व्यक्ति ने झांककर देखा तो युवक बेहद दयनीय हालत में नीचे पड़ा हुआ था।

राहगीर ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत रेस्क्यू की व्यवस्था की और कुछ मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बताया कि युवक की हालत देखकर लग रहा था कि वह काफी दिनों से नाले में फंसा हुआ था। बाहर निकाले जाने के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया।

घटना चर्चा में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, एक युवक के काफी दिनों से नाले में फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल उसकी पहचान और नाले में फंसने की वजह का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवक की जान बच गई, लेकिन यह सवाल बना हुआ है कि इतनी व्यस्त जगह पर वह इतने लंबे समय तक नाले में कैसे रहा।