भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच खाद्य व्यवसायों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। इन कंपनियों के उत्पाद असुरक्षित या घटिया पाए गए थे। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण दो अन्य खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
बिसलेरी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी इसलिए दी गई, क्योंकि उसके पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। रेफरल फूड लेबोरेटरी ने इसमें 'पॉलीसाइक्लिक एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन' पाए जाने के बाद भी इसे असुरक्षित करार दिया है। रिपोर्ट लिखे जाने तक बिसलेरी इंटरनेशनल की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड पर कार्रवाई का आधार उसके मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल की तय सीमा से अधिक मात्रा है। टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष और हल्दी पाउडर में 'टिन' की मात्रा सीमा से अधिक पाई गई। मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की अखरोट की गिरी घटिया और असुरक्षित मिली, जबकि आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट-भरी कुकीज़ 'मिसब्रांडेड', घटिया और असुरक्षित पाई गईं, क्योंकि उनमें बताई गई चीनी की मात्रा और असल मात्रा में अंतर था।
खराब स्वच्छता और रीपैकिंग से जुड़ी समस्याओं के कारण 'उर्मी लाइफसाइंसेज LLP' और 'गौर आयुर्वेदिक स्टोर' के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। जून में FSSAI ने एनर्जी ड्रिंक के लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। नियामक का तर्क है कि कुछ पेय पदार्थों में बहुत अधिक चीनी मिलाई जाती है और इस तरह के वर्गीकरण से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं। रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। रेड बुल को अदालत से स्टे मिल गया है, जबकि अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया है। FSSAI ने रेड बुल को मिली इस राहत को चुनौती दी है और मामले की सुनवाई जनवरी में होनी है।
