नवी मुंबई के सानपाड़ा सेक्टर-18 में माफको मार्केट के पीछे रविवार रात एक तेल कंपनी के गोदाम में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम सप्तशृंगी ऑयल कंपनी का है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोदाम में तेल का भंडार और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते विकराल रूप ले ली। गोदाम से ऊंची लपटें और धुएं के घने गुबार उठने लगे, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से बीच-बीच में धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने की खबरें भी सामने आई हैं।
आग की सूचना मिलते ही नवी मुंबई के विभिन्न दमकल केंद्रों से गाड़ियां रवाना की गईं। ऐरोली, रबाले, कोपरखैरणे, वाशी, नेरुल और सीबीडी बेलापुर के दमकल केंद्रों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुल छह दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और दमकलकर्मी गोदाम के भीतर तक पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे। पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में तेल और दूसरी ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आ रही थीं। आसपास औद्योगिक इकाइयों और दूसरे गोदामों की मौजूदगी को देखते हुए आग को फैलने से रोकना भी बड़ी चुनौती थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार की छुट्टी होने के कारण गोदाम में कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी, जिससे संभावित रूप से बड़ी जनहानि टलने की बात कही जा रही है। हालांकि, आग से गोदाम में रखे तेल, मशीनरी और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान तथा घटना की वास्तविक वजह के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।