हाथरस के सादाबाद में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आशु और सलीम की मृत्यु हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, शहर के नाई का नगला निवासी आशु पुत्र संजय और सलीम पुत्र वाहिद मंगलवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से आगरा से हाथरस लौट रहे थे। सादाबाद में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर सीएनजी पंप के सामने पीछे से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आशु के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद राहगीर मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गई, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मृत्यु की खबर मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे।
