लखनऊ मध्य से समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा है कि सपा संसद में परिसीमन बिल का पुरजोर विरोध करेगी और पार्टी के सभी सांसद 30 नवंबर से शुरू हो रहे लोकसभा सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लोकसभा में उपस्थित रहेंगे। मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ करती है।

विधायक ने कहा कि सपा महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के पक्ष में है, लेकिन दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं की भी आरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के नाम पर जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है।

सोनिया गांधी के नागरिकता विवाद पर मेहरोत्रा ने कहा कि उनका नाम 1980 में वोटर लिस्ट में था और 1983 में वे भारत की नागरिक बनीं। इस मामले में दिल्ली कोर्ट में 14 दिसंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट जो भी आदेश देगा, सभी को उसे स्वीकार करना चाहिए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी परिसीमन बिल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी विपक्ष के साथ मजबूती से बिल के विरोध में खड़ी रहेगी और यह बिल भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में भाजपा महिला आरक्षण के जरिए चुनावी फायदा उठाने का प्रयास कर रही है और इस मामले को यूपी चुनाव से भी जोड़ा।