उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने मंगलवार को भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर 28 से 30 दिसंबर तक मिलेगा।
भर्ती में उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आईआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पद शामिल हैं। इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड की प्रति तथा लागू आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया ने बताया कि चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी, जिसमें सफल अभ्यर्थी ही दूसरे चरण में शामिल होंगे। दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा चार अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है। शारीरिक दक्षता परीक्षा में लंबाई, सीने की माप (जहां लागू हो) तथा शारीरिक दक्षता से संबंधित परीक्षण शामिल होंगे, और पुरुष व महिला अभ्यर्थियों के लिए मानक अलग-अलग होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। अब तक विभिन्न विभागों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध तरीके से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है और सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
